हर व्रत से पहले पढ़ी जाने वाली प्राचीन गणेश जी की कहानी | Ganesh Ji Ki Kahani

यह लेख उपलब्ध धार्मिक परंपराओं, लोक मान्यताओं और विभिन्न ग्रंथों में वर्णित प्रसंगों के आधार पर सरल भाषा में तैयार किया गया है।, ताकि आपको शास्त्रों के अनुसार पूजा का सही फल मिल सके। भारतीय घरों में जब भी कोई व्रत-त्योहार आता है, तो हमारे बड़े-बुजुर्ग सबसे पहले एक ही बात कहते हैं – “चलो भाई, हाथ में थोड़े से चावल और फूल ले लो, सबसे पहले गणेश जी की कहानी सुन लेते हैं।”

Ganesh Ji Ki Kahani
Ganesh Ji Ki Kahani

चाहे करवा चौथ का कठिन निर्जला व्रत हो, तीज की हरियाली उमंग हो, एकादशी का पावन उपवास हो या फिर हर महीने आने वाली पूर्णिमा की सत्यनारायण कथा हो, आखिर प्रत्येक धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत में गणेश जी को ही क्यों सबसे पहले याद किया जाता है?

क्या आपने कभी इस बात पर गौर किया है? आजकल हम लोग अक्सर पूजा-पाठ के नाम पर बहुत भारी भरकम पोथियों, कठिन मंत्रों और दुनिया भर के बाहरी आडंबरों में उलझ कर रह जाते हैं।

लेकिन सच तो यह है कि गणपति बप्पा कभी दिखावे के भूखे नहीं होते है। भगवान तो बस भक्तों के मन की सादगी और सच्ची श्रद्धा पर प्रसन्न हो जाते हैं। मैंने खुद अपने बचपन से लेकर आज तक, हर छोटे-बड़े पारिवारिक मंगल कार्यों और व्रतों में इस पारंपरिक व्रत की पहली कहानी को सुना है। यकीन मानिए, इस प्राचीन कथा को सुनने के बाद मन को जो सुकून और पॉजिटिव एनर्जी मिलती है, वह किसी भी बड़े अनुष्ठान से बढ़कर होती है।

अगर आप भी इस बार अपनी पूजा को पूरी तरह सफल और फलदायी बनाना चाहती हैं, तो किसी भी शुभ काम को शुरू करने से पहले Ganesh Ji Ki Kahani का यह छोटा सा पाठ जरूर करें। आइए पूरे मन और श्रद्धा भाव से इस कहानी को शुरू करते हैं।

कहानी का अर्थ: बप्पा क्यों कहलाए ‘प्रथम पूज्य’?

इस प्राचीन कथा के मूल अर्थ को समझना हर महिला और श्रद्धालु के लिए बहुत जरूरी है। सनातन परंपरा में गणेश जी को ‘विघ्नहर्ता’ यानी दुखों, कष्टों और रुकावटों को जड़ से काटने वाले देवता के रूप में जाना गया है। किसी भी पूजा की शुरुआत में इनकी कहानी पढ़ने एवं सुनने का सीधा सा मतलब यह है कि हम गणपति बप्पा से प्रार्थना कर रहे हैं कि हे प्रभु! हमारी इस पूजा को बिना किसी विघ्न-बाधा के पूरा करवा देना।

Ganesh Ji Ki Kahani
Ganesh Ji Ki Kahani

यह कोई अंधविश्वास या सिर्फ एक लकीर पीटना नहीं है, बल्कि यह कहानी हमें सिखाती है कि जीवन में जब समय सही ना हो तो अपनी बुद्धि का सही इस्तेमाल कैसे करना चाहिए और जीवन में माता-पिता का असली स्थान क्या है।

बाप्पा के प्रथम पूज्य बनने की दिव्य कथा: जब बुद्धि से जीता पूरा ब्रह्मांड

“।वक्रतुण्ड महाकाय सूर्यकोटि समप्रभ।
।।निर्विघ्नं कुरु मे देव सर्वकार्येषु सर्वदा॥”

एक बहुत पुराने समय की बात है। एक बार देवलोक में सभी देवी-देवताओं के बीच एक बात को लेकर बहुत बड़ी बहस छिड़ गई। बहस यह थी कि देवताओं में सबसे शक्तिशाली कौन है और किसी भी शुभ कार्य में सबसे पहले किसकी पूजा की जानी चाहिए? हर देवता अपने-अपने वाहन, अपने अस्त्र-शस्त्र और अपने चमत्कारों को बड़ा बताने लगे। बात इतनी ज्यादा बढ़ गई कि यह विवाद शांत होने का नाम नहीं ले रहा था।

आखिर में सभी देवता हार मानकर न्याय के लिए भगवान शिव और माता पार्वती के पास पहुंचे। भोलेनाथ तो ठहरे अंतर्यामी। उन्होंने देवताओं का अहंकार दूर करने और इस विवाद को हमेशा के लिए शांत करने के लिए एक परीक्षा की घोषणा की।

उन्होंने कहा, “आप सभी देवता अपने-अपने वाहनों पर सवार हो जाएं। आपमें से जो भी पूरी सृष्टि का चक्कर लगाकर सबसे पहले इस स्थान पर वापस लौटेगा, वही इस संसार में सबसे बड़ा माना जाएगा और उसी की पूजा सबसे पहले की जाएगी।”

शर्त सुनते ही देवराज इंद्र अपने विशाल ऐरावत हाथी पर चढ़े, कार्तिकेय अपने फुर्तीले मोर पर सवार हुए, और बाकी देवता भी अपने अपने तेजतर्रार वाहनों को लेकर हवा की रफ्तार से दौड़ पड़े। सब के सब एक दूसरे को पीछे छोड़ने की होड़ में पूरी ताकत से निकल गए।

छोटे से मूषकराज के साथ असमंजस में पड़े गणेश जी

अब ज़रा आंखें बंद करके हमारे प्यारे गणेश जी की स्थिति के बारे में सोचिए। उनका शरीर भारी-भरकम, पेट बड़ा सा और उनका वाहन? एक नन्हा सा, धीरे-धीरे चलने वाला मूषक (चूहा)! भला सोचिए, एक छोटा सा चूहा उड़ने वाले पक्षियों और तीव्र गति वाले देव-वाहनों का मुकाबला कैसे करता? कार्तिकेय तो पलक झपकते ही नजरों से ओझल हो चुके थे।

Ganesh Ji Ki Kahani
Ganesh Ji Ki Kahani

लेकिन गणेश जी ऐसी स्थिति में भी बिल्कुल विचलित नहीं हुए, वे न तो घबराए और न ही उदास हुए। जबकि वे चुपचाप एक जगह खड़े रहे और अपनी गहरी बुद्धि का उपयोग किया।

उन्होंने ठंडे दिमाग से विचार किया कि वेदों और शास्त्रों का सबसे बड़ा निचोड़ क्या है? उपनिषद क्या कहते हैं? सत्य तो यही है कि माता-पिता के चरणों में ही तीनों लोक समाए हुए हैं। माता पिता से बढ़कर तो इस पूरी सृष्टि में भी कोई दूसरा तीरथ नहीं है।

बस, फिर क्या था! गणेश जी ने अत्यंत आदर और प्रेम के साथ माता पार्वती और पिता शिव जी को एक ऊंचे आसन पर विराजमान होने का आग्रह किया। जब दोनों बैठ गए, तो गणेश जी ने पूरी श्रद्धा से उनके चरणों को छुआ और उनके चारों ओर घूमकर परिक्रमा की रस्म पूरी की।

उन्होंने एक नहीं, दो नहीं, बल्कि पूरे तीन तीन परिक्रमा लगाई और हाथ जोड़कर उनके सामने शीश झुकाकर बैठ गए।

जब बप्पा को मिला ब्रह्मांड का सबसे बड़ा वरदान

बहुत समय बीतने के बाद जब बाकी सभी देवता पूरे ब्रह्मांड का चक्कर लगाकर, बुरी तरह थक हारकर और हांफते हुए वापस लौटे, तो वहां का नजारा देखकर मानो उनके पैरों तले से जैसे जमीन ही खिसक गई। उन्होंने देखा कि गणेश जी तो बहुत पहले से ही माता-पिता के पास बैठे हुए मंद-मंद मुस्कुराते रहे हैं।

हैरान होकर देवताओं ने पूछा, “हे लंबोदर! आप इस छोटे से मूषक पर बैठकर इतनी जल्दी पूरी सृष्टि की परिक्रमा करके इतनी जल्दी कैसे आ गए?”

तब महादेव जी ने अत्यंत गंभीर और स्नेहपूर्ण आवाज में सभी देवताओं को समझाया, “पुत्र गणेश ने जो किया है, वहां तक आप में से किसी की बुद्धि नहीं पहुंच सकी। माता-पिता का स्थान इस पूरे ब्रह्मांड से, सभी देवताओं और चारों धामों से भी बहुत ऊपर होता है, जिसने अपने माता-पिता के चरणों की परिक्रमा कर ली, उसने मानो पूरी सृष्टि को एक पल में नाप लिया। इससे बड़ा सत्य और धर्म इस संसार में दूसरा कोई नहीं है।”

शिव जी के मुंह से यह गूढ़ रहस्य सुनकर सभी देवताओं का घमंड एक ही क्षण में चूर-चूर हो गया और वह सभी बड़े ही आदर भाव से गणेश जी के सामने हाथ जोड़कर नतमस्तक हो गये, बस उसी शुभ दिन से यह हमेशा के लिए तय हो गया कि धरती पर जब भी कोई व्रत, कथा, पूजा, वार त्योहार, यज्ञ या कोई भी शुभ काम होगा, तो सबसे पहले संकट हरने वाले गणपती बप्पा का ध्यान किया जाएगा, इनके बिना की गई कोई भी पूजा कभी पूरी नहीं होगी।

बप्पा की कहानी से हमें 3 बातों की सीख मिलती है

यह केवल एक पुरानी कथा नहीं है, बल्कि यह हमारे रोजमर्रा के जीवन को संवारने की बप्पा की सीख भी है, जिसे हमें अपने व्यावहारिक जीवन में भी उतार लेना चाहिए:

  • माता-पिता ही असली भगवान हैं: हम चाहे कितने भी बड़े हो जाएं, कितने भी पैसे कमा लें, लेकिन हमारे माता-पिता का आदर सबसे पहले होना चाहिए, उनकी सेवा ही सबसे बड़ी तीर्थ यात्रा और सबसे बड़ा परम धर्म भी है।
  • शरीर की ताकत से बड़ी बुद्धि की शक्ति: जब आपके हालात आपका साथ ना दे, तो अंधाधुंध भागने या घबराने के बजाय शांत मन से सोचें। गणेश जी ने भी अपने भारी शरीर एवं धीरे चलने वाले वाहन की कमजोरी को अपनी बुद्धि से सबसे बड़ी ताकत बना लिया था।
  • धैर्य में ही असली जीत है: व्रत के दौरान या जीवन के मुश्किल दिनों में जब आपका धीरज डगमगाने लगे, तो बप्पा के इस शांत स्वरूप को याद करें। भगवान को दिखावा नहीं, आपकी आत्मा की सादगी से प्रसन्नता होती है।

करवा चौथ, तीज, एकादशी, पूर्णिमा सहित सभी व्रतों में क्यों सुननी है बप्पा की यह कहानी?

हमारे देश में माताएं-बहनें साल भर में न जाने कितने कठिन से कठिन व्रत करती हैं। करवा चौथ की वह लंबी निर्जला प्यास हो, तीज का कठिन नियम हो, एकादशी का सात्विक उपवास हो या पूर्णिमा का उजाला कोई भी व्रत की शुरुआत बप्पा के बिना नहीं हो सकती है।

कहानी का व्यावहारिक और आध्यात्मिक कारण:

जब हम दिनभर भूखे-प्यासे रहते हैं या घर के काम के साथ व्रत पूरा करते हैं, तो स्वभाव में थोड़ा चिड़चिड़ापन या शरीर में थकावट आना स्वाभाविक है। हमारा मन भी भटकने लगता है। ऐसे समय में जब हम सबसे पहले गणेश जी की यह सरल कहानी सुनते हैं, तो मन की सारी चंचलता तुरंत शांत हो जाती है। गणेश जी हमारे भीतर धैर्य और सुकून भर देते हैं, जिससे हमारा व्रत बिना किसी विघ्न के बहुत ही आनंद और शांति के साथ संपन्न होता है।

पूजा के समय ध्यान रखने वाले 7 जरूरी पूजा नियम

शास्त्रों के अनुसार, पूजा का पूरा फल तभी मिलता है जब हम कुछ बुनियादी नियमों का पालन करें, अपनी पूजा के दौरान आप भी इन 7 बातों का खास तौर पर ध्यान रखें:

  • सही दिशा में बैठें: पूजा करते समय आपका चेहरा हमेशा पूर्व या उत्तर दिशा की तरफ होना चाहिए, इन दिशाओं से आने वाली सकारात्मक ऊर्जा पूजा को और भी ज्यादा प्रभावशाली बना देती है।
  • बप्पा का सबसे प्रिय भोग: गणेश जी को दूर्वा यानी हरी घास की 11 या 21 गांठें जरूर चढ़ाएं। इसके साथ ही अगर मुमकिन हो तो मोदक या बेसन के लड्डू का भोग भी लगाएं। यदि कुछ भी न हो, तो घर में रखा थोड़ा सा गुड़-मिश्री भी बप्पा बड़े चाव से स्वीकार करते हैं।
  • अक्षत का रखें ध्यान: गणेश जी की पूजा में कभी भी टूटा हुआ चावल यानी खंडित अक्षत काम में ना लें। चावल के सभी दाने साफ और साबुत होने चाहिए।
  • तुलसी पते कभी न चढ़ाएं: यह गलती बहुत सी महिलाएं अनजाने में कर बैठती हैं। गणेश जी की पूजा में तुलसी दल (पते) चढ़ाना सख्त मना है। पौराणिक कथाओं के अनुसार बप्पा की पूजा में तुलसी अर्पित नहीं की जाती है।
  • आसन के बिना न बैठें: कभी भी नंगे फर्श या सीधे जमीन पर बैठकर बप्पा मौर्या की पूजा न करें, हमेशा ऊन, कुशा या किसी साफ कपड़े के आसन पर ही बैठें।
  • मन का मैल साफ रखें: पूजा की थाली सजाने से पहले मन को साफ करें, पूजा के समय किसी पर भी गुस्सा करना, बड़बड़ाना या दिल में मैल रखना पूरी पूजा को निष्फल कर देता है।
  • क्षमा प्रार्थना अवश्य करें: पूजा के सबसे आखिर में दोनों हाथ जोड़कर गणेश जी से अपनी जाने अनजाने में हुई सभी भूलचूक के लिए माफी जरूर मांगें। बप्पा इतने कृपालु और दयालु होते हैं कि वे आपकी नासमझी को भी तुरंत माफ कर देते हैं।

पूजा में बहुत ही आसान तरीके से कैसे बुलाएं गणेश जी को?

अगर आपको कोई बड़ा मंत्र पढ़ना नहीं आता या संस्कृत के श्लोक बोलने में दिक्कत होती है, तो बिल्कुल भी परेशान न हों। बप्पा भाषा नहीं, भावना समझते हैं। आप अपनी पूजा की चौकी के सामने बैठें, सीधे हाथ में थोड़ा सा जल या एक लाल फूल लें, अपनी आंखें बंद करें और बहुत ही सीधे शब्दों में अपने दिल की बात कहें:

“हे विघ्नहर्ता, दयालु गणेश जी महाराज, आज मैं यह पावन व्रत जैसे- करवा चौथ/तीज, आखातीज, गणेश चतुर्थी जो भी व्रत है पूरे सच्चे मन और श्रद्धा से करने बैठी हूं। आप देवताओं में सबसे पहले पूजे जाते हैं, कृपा करके मेरी इस छोटी सी पूजा को स्वीकार करें। कथा कहते और सुनते समय मुझसे जो भी भूल चूक या गलती हो जाए, उसे अपनी संतान समझकर माफ कर देना प्रभु और मेरे पूरे परिवार को सदा सुखी रखना।”

इतना बोलकर वह जल या फूल बप्पा के चरणों में छोड़ देना है, आप खुद महसूस करेंगी कि आपके भीतर एक अद्भुत शांति और सकारात्मक ऊर्जा दौड़ गई है।

॥ बोलिए रिद्धि-सिद्धि के दाता, विघ्नहर्ता श्री गणेश जी महाराज की जय ॥

Ganesh Ji Ki Kahani से जुड़े FAQs

क्या बिना गणेश जी की कहानी सुने व्रत अधूरा रह सकता है?

जी हां, सनातन धर्म के नियम अनुसार गणेश जी को प्रथम पूज्य होने का वरदान प्राप्त है, ऐसे में किसी भी व्रत कथा को शुरू करने से पहले बप्पा की कहानी सुनने से पूजा में आने वाले सभी बाधाएं दूर हो जाती हैं और व्रत का पूरा पुण्य मिलता है।

अगर पूजा के बीच में कोई काम आ जाए या मंत्र गलत हो जाए, तो क्या व्रत टूट जाता है?

बिल्कुल नहीं, मन में ऐसा कोई डर न रखें। बप्पा बहुत कृपालु हैं, वे आपके मंत्रों की शुद्धता से ज्यादा आपके मन की शुद्धता देखते हैं। ऐसी स्थिति में बस पूजा के बाद सच्चे मन से क्षमा मांग लें, बप्पा सब ठीक कर देते हैं।

अगर मैं घर में अकेली हूं और पढ़ना नहीं जानती, तो कहानी की रस्म कैसे पूरी करूं?

भक्ति में कोई बंधन नहीं होता, अगर आप पढ़ना नहीं जानती हैं, तो आप अपने मोबाइल पर इस कहानी को चालू करके बड़े ध्यान और प्रेम से सुन सकती हैं, सुनने मात्र से भी आपको उतना ही फल मिलेगा जितना पढ़ने से मिलता है।

गणेशजी को प्रसन्न करने का सबसे झटपट और अचूक उपाय क्या है?

बप्पा को प्रसन्न करने का सबसे सरल उपाय है ताजी हरी दूर्वा घास, दूर्वा को साफ पानी से धोकर ‘ओम् गं गणपतये नमः’ का जाप करते हुए बप्पा को चढ़ाएं, बप्पा को दूर्वा बहुत ठंडक देती है और वे तुरंत बहुत ही ज्यादा खुश होकर आशीर्वाद देते हैं।

क्या मासिक धर्म के दिनों में गणेश जी की कहानी सुनी जा सकती है?

हां, बिल्कुल सुन सकती हैं बस आप मंदिर की मूर्तियों या पूजा की सामग्री को हाथ न लगाएं और थोड़ा अलग बैठकर बप्पा की कथा को सुन लें या मन ही मन बप्पा का नाम सुमिरन कर लें, मन की भक्ति पर शरीर के नियमों का कोई बंधन नहीं होता है।

गणेश जी की कहानी व्रत के दिन सुबह पढ़नी चाहिए या शाम को पूजा के वक्त?

देखिए, वैसे तो पूजा का नियम यह कहता है कि जब आप शाम को चंद्रोदय या प्रदोष काल में मुख्य पूजा (जैसे करवा चौथ या तीज के लिए बैठती हैं, तभी पहले गणेश जी की कहानी को सुनना सबसे उत्तम होता है। लेकिन अगर आपके यहां सुबह की पूजा का चलन है, तो आप सुबह भी हाथ में अक्षत-फूल लेकर बप्पा की कहानी सुन सकती हैं।

कहानी सुनते समय हाथ में जो चावल और फूल लेते हैं, कहानी खत्म होने के बाद उनका क्या करें?

कहानी पूरी होने के बाद गणपती बप्पा मौर्या का ध्यान करें और उन अक्षत-फूलों को गणेश जी के चरणों में अर्पित कर दें, अगर आप मुख्य व्रत जैसे करवा चौथ या अन्य व्रत की कथा गणेश जी की कहानी के तुरंत बाद सुन रही हैं, तो उसी चावल को हाथ में रखें और मुख्य कहानी पूरी सुनकर इन्हें पूजा की थाली में डाल दें।

अगर व्रत के दिन घर में कोई और कहानी सुनाने वाला न हो, तो क्या मैं खुद ही इसे पढ़ सकती हूं?

हां, बिल्कुल पढ़ सकती हैं अगर कोई सुनाने वाला न हो, तो आप खुद किताब या मोबाइल से इसे ऊंची आवाज में पढ़ लें ताकि आपके कान बप्पा के इन शब्दों को सुन सकें, भगवान भाव के भूखे हैं, अकेले पढ़ने से भी उतना ही पुण्य मिलेगा।

भूलवश अगर पूजा के दिन गणेश जी को दूर्वा चढ़ाना भूल जाऊं, तो क्या पूजा अधूरी मानी जाएगी?

मन में ऐसा कोई वहम मत लाइए, दूर्वा बप्पा को प्रिय है, लेकिन अनिवार्य नहीं है अगर ऐन वक्त पर दूर्वा न मिले, तो बप्पा के चरणों में एक लाल फूल या सिर्फ थोड़ा सा अक्षत “इदं दूर्वादलं” बोलकर चढ़ा दें, बप्पा आपकी मजबूरी समझते हैं और उतने में ही खुश हो जाते हैं।

क्या बप्पा की यह कहानी हर महीने आने वाली संकष्टी चतुर्थी व्रत को भी पढ़/सुन सकते है?

बिल्कुल पढ़ी एवं सुनी जा सकती है, यह तो बप्पा की ‘प्रथम पूज्य’ बनने की मूल कथा है इसे आप संकष्टी चतुर्थी, संकट चौथ, यहां तक कि हर बुधवार की सामान्य पूजा में भी ‘व्रत की पहली कहानी’ के रूप में सुन सकती हैं।

भगवान की कहानी सुनते-सुनते अगर बीच में कोई टोक दे तो क्या कहानी दोबारा शुरू से पढ़नी चाहिए?

नहीं, दोबारा शुरू करने की जरूरत नहीं है, जहां पर कहानी रुकी थी, बप्पा से मन ही मन क्षमा मांगकर कहानी को वहीं से वापस पढ़ना शुरू कर दें, बस कोशिश यह करें कि पूजा के उन 5-10 मिनटों के लिए अपना मोबाइल दूर रखें ताकि पूजा से ध्यान न भटके।

क्या बप्पा को भोग लगाने के लिए लड्डू घर पर बनाना जरूरी है या बाजार के भी चल जाएंगे?

यदि आपके पास समय है, तो शुद्धता के लिए घर पर बना हलवा या लड्डू सबसे अच्छा है, लेकिन अगर काम ज्यादा हो तो आप बाजार से शुद्ध बूंदी के लड्डू ला सकती हैं, यदि वह भी न हो, तो घर की रसोई में रखा थोड़ा सा गुड़ और मिश्री का भोग लगा दें, बप्पा उसमें भी उतने ही खुश होते हैं।

Leave a Comment